भास्कर न्यूज | बारां बंगाली बाहुल्य कस्बे में बुधवार को अखंड हरि नाम संकीर्तन का शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व मंगलवार को कस्बे में गंगा कलश यात्रा निकाली गई। दुर्गा मंदिर से शुरू हुई गंगा कलश यात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए महायज्ञ स्थल पहुंची। जहां वैदिक मंत्रों के साथ गंगा कलश की स्थापना की गई। इसमें कस्बे सहित आसपास के गांवों की महिलाओं, किशोरियों ने उत्साह से भाग लिया। पश्चिम बंगाल के जिला नदिया के महंत रामानंददास गोस्वामी कल्याणी के सानिध्य में गंगा पूजन के साथ गंगा कलश यात्रा निकाली गई। मंगलवार रात 9 बजे अधिवास खोल मंगल हुआ। इसके बाद बुधवार तड़के 6 बजे से अखंड हरि नाम संकीर्तन प्रारंभ हुए। जिसमें 48 लगातार घंटों तक कीर्तन मंडलियां हरि नाम संकीर्तन करेंगी। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ स्थल पर बड़ा पंडाल बनाया गया है। गर्मी को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।