अवैध हथियारों की सप्लाई के मामले में नाम सामने आने के बाद रतननगर पुलिस सोमवार को गैंगस्टर संपत नेहरा को भटिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर चूरू लाई। रतननगर एसएचओ सुभाषचंद्र ने बताया कि नेहरा को कड़ी सुरक्षा व पुलिस घेरे के बीच एजीएम कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के दौरान परिसर में क्यूआरटी और हथियारबंद जवानों की तैनाती रही। पुराने मामले में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा हथियार सप्लाई में संपत का नाम उगलने के बाद पुलिस ने उसे भटिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। सोमवार को एजीएम कोर्ट ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। पूछताछ में खुला था हथियार सप्लायर का नाम : एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि 24 सितंबर को पुलिस को नीमड़ी बस स्टैंड के पास पिकअप की तलाशी में 235 पव्वे देसी शराब के साथ देसी पिस्टल व चार जिंदा कारतूस मिले थे। पुलिस ने ओमप्रकाश गोदारा, सुरेंद्र कुमार जाट व भैराराम जाट को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि देसी पिस्टल और कारतूस संपत नेहरा के जरिए उन तक सप्लाई किए गए थे।