सिरोही जिले में पालड़ी एम थाना क्षेत्र के गणकेश्वर रोड पर एक ट्रैक्टर पलटने से उसमें आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में ट्रैक्टर ड्राइवर जिंदा जल गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने पानी के टैंकर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी। पालड़ी एम थानाधिकारी टीकम चंद ने बताया कि बड़ावेरा निवासी 60 साल के मोतीराम पुत्र मोडा राम भील ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटने के बाद उसमें शॉर्ट सर्किट से तुरंत आग लग गई। मोतीराम ट्रैक्टर के नीचे दब गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर को जलता देख दौड़कर मदद करने की कोशिश की। हालांकि, आग की तेज लपटों के कारण कोई पास नहीं जा सका। गांव से पानी का टैंकर और पुलिस व दमकल को सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर खाक हो गया था।