उदयपुर में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण योजना का एक तरफ जहां आज आगाज हुआ। वहीं, दूसरी तरफ पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने इसका विरोध करते हुए बहिष्कार किया। बता दें, करीब एक महीने से अलग-अलग मांगों को लेकर कर्मचारियों का विरोध जारी है। उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों में कार्यरत करीब 900 मंत्रालयिक कर्मचारियों ने ग्रामीण सेवा शिविरों का भी बहिष्कार किया था। अब इस अहम योजना का बहिष्कार किया है, जिससे इस योजना के काम पूरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। गिर्वा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पीपलवास में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण योजना का उद्घाटन हुआ, जिसमें राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, जिला परिषद एसीईओ विरमा राम, बीडीओ गिर्वा अजीत सिंह आदि मौजूद थे। जिले में 900 पंचायतीराज कर्मचारी आधे दिन कार्य बहिष्कार पर पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन उदयपुर के अध्यक्ष वेणीराम पटेल ने बताया कि 16 जून से जिलेभर के सभी 900 पंचायतीराज कर्मचारी आधे दिन के कार्य बहिष्कार पर हैं। इससे राज्य सरकार के कई बड़ी योजनाओं के काम प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारी नेता राकेश परमार ने बताया कि इससे पहले हमने जिले के सांसद और विधायकों को एक-एक कर ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत करा दिया था लेकिन मांग पूरी नहीं की गई। ऐसे में मजबूरन आधे दिन के कार्य बहिष्कार पर जाना पड़ा। गिर्वा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह देवड़ा ने बताया कि समय पर मांगे पूरी नहीं की गई तो पूरे दिन का कार्य बहिष्कार किया जाएगा।