कठूमर पंचायत समिति की गारू ग्राम पंचायत में शनिवार रात सरपंच पद के चुनाव की मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होने के बाद रविवार सुबह विवाद हो गया। दूसरी प्रत्याशी हरदेवी के समर्थक रिकाउंटिंग की मांग को लेकर सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान लोगों ने सड़क पर लेटकर नारेबाजी की। प्रत्याशी हरदेवी के भतीजे मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार रात मतगणना के बाद उनकी चाची हरदेवी को करीब 76 वोटों से हारा हुआ घोषित कर दिया गया, जबकि आरती खंडेलवाल को विजयी घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने हार स्वीकार कर ली थी, लेकिन रविवार सुबह करीब 9:30 बजे जब वे मतदान केंद्र पहुंचे तो स्कूल में बैलेट पेपर की एक गड्डी पड़ी मिली। मनोज का आरोप है कि बैलेट पेपर की इस गड्डी को मतगणना में शामिल नहीं किया गया। उनका दावा है कि इसमें उनके पक्ष में डाले गए वोट भी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान दल के कुछ लोगों की आरती खंडेलवाल से मिलीभगत के कारण इन बैलेट पेपर की गिनती नहीं की गई। मनोज ने कहा कि उनकी मांग है कि पूरे मामले की जांच कराकर दोबारा मतगणना कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। धरने पर पहुंचे एसडीएम श्याम सुंदर ने ग्रामीणों से कहा कि जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को लिखित में जांच का आश्वासन भी दिया, लेकिन ग्रामीण लगातार रिकाउंटिंग की मांग पर अड़े रहे। इस पर एसडीएम ने कहा कि ग्रामीण रिकाउंटिंग का कोई ठोस आधार लिखित में दें, ताकि उसे आगे भेजा जा सके। इस दौरान रिकाउंटिंग की मांग को लेकर ग्रामीणों और एसडीएम के बीच नोकझोंक भी हुई। धरने के दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और कुछ लोग सड़क पर लेट गए। सूचना मिलने पर कठूमर सीओ जोगेंद्र और एसडीएम श्याम सुंदर मौके पर पहुंचे। अधिकारी धरने पर बैठे लोगों से समझाइश कर रहे हैं।