चूरू के रतनगढ़ में गौ संरक्षण और गौ माता के सम्मान के प्रति जनजागरण लाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान सनातन सेवा न्यास के तत्वावधान में आयोजित किया गया। अभियान की शुरुआत रतनगढ़ रेलवे स्टेशन से हुई और यह शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा। यात्रा रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड, अशोक स्तंभ और घंटाघर होते हुए चारों बाजारों तक पहुंची। इस दौरान आमजन को गौ सेवा के महत्व से अवगत कराया गया और उनके समर्थन में हस्ताक्षर लिए गए। इस महत्वपूर्ण अभियान का नेतृत्व सनातन सेवा न्यास के चूरू जिला गौ सेवा प्रमुख विजय नायक और रतनगढ़ नगर के युवा अध्यक्ष सुमित बजरंगी ने किया। जनसंपर्क को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की विभिन्न टोलियां बनाई गईं, जिनमें दीपक डीडवानिया की टीम विशेष रूप से सक्रिय रही। अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। आयोजन को सफल बनाने में विनोद प्रजापति, उमाशंकर शर्मा, नवीन महर्षि, गौरव बजरंगी, नरेंद्र सिंह और बलराम भार्गव सहित अनेक गौ भक्त और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों ने शहर के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गौ सम्मान के इस कार्य में हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं। यह अभियान न केवल जागरूकता फैलाएगा बल्कि समाज को गौ संवर्धन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित करेगा।