शहर के चर्चित कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। गहलोत ने सवाल उठाया कि सरकार ने अब तक इस मामले की सुनवाई के लिए विशेष अदालत का गठन क्यों नहीं किया। बुधवार शाम सोशल मीडिया पर कन्हैयालाल के बेटे यश के पोस्ट को टैग करते हुए गहलोत ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी भाजपा से जुड़े थे, इसलिए उन्हें सजा दिलाने में देरी हो रही है। गहलोत ने लिखा कि यह मामला शुरू से ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधीन है और इसकी सुनवाई एनआईए की विशेष अदालत में चल रही है। फिर भी विधानसभा चुनाव के दौरान भ्रम फैलाया कि कांग्रेस सरकार ने विशेष अदालत नहीं बनाई। बता दें कि 31 मार्च को कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर विशेष अदालत की मांग की थी।