टोंक के घाड़ थाना क्षेत्र के ज्योतिपुरा गांव में शनिवार देर रात तेज अंधड़ के दौरान घर के बाहर देशी बंबूल का पेड़ गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के समय वृद्ध पेड़ से बंधी बकरी को तेज अंधड़ और बारिश से बचाने के लिए बाहर गया था। उसी दौरान पेड़ उसके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। तेज अंधड़ और बारिश के बीच हुआ हादसा ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात करीब 10 बजे हल्की बारिश के साथ तेज अंधड़ आया। इसी दौरान ज्योतिपुरा निवासी मिश्रीलाल मीणा (70) की बकरी घर के बाहर बंबूल के पेड़ से बंधी हुई थी। वृद्ध उसे सुरक्षित स्थान पर लाने के लिए बाहर गया। रस्सी खोलते समय अचानक गिरा पेड़ बुजुर्ग व्यक्ति बकरी की रस्सी खोल ही रहा था कि अचानक बबूल का पेड़ उसके ऊपर गिर पड़ा। आवाज सुनकर परिजन बाहर दौड़े और गंभीर हालत में उसे तुरंत दूनी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक को अंदरूनी चोटें आई थीं। परिवार में मातम, पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा जाएगा हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव फिलहाल दूनी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा हुआ है और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक खेती का काम करता था और उसके परिवार में एक बेटा है। इनपुट: अविनाश मीणा, घाड़