नागौर राजस्व विभाग की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गांव के बंद पड़े रास्तों और अतिक्रमण को हटाकर ग्रामीणों को राहत दी है। गोवा खुर्द ग्राम पंचायत में कलेक्टर देवेंद्र कुमार और उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भीचर के निर्देशानुसार वर्षों से बंद पड़े रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि भू-अभिलेख निरीक्षक अन्नाराम लवाइच और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर मोटा राम और सुखदेव राम के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था। इस आदेश की पालना में बुधवार को राजस्व टीम मौके पर पहुंची और रास्ते में बनी बाधाओं को पूरी तरह हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक पटवारी बासनी सियाराम जाखड़, पटवारी हजारीराम खोजा और सदर थाने का जाब्ता हेड कॉन्स्टेबल जेठाराम की अगुवाई में मौजूद रहा। ​19 साल पुराना विवाद सहमति से सुलझा, 300 फीट रास्ता खुला वहीं एक अन्य मामले में ग्राम पंचायत धुंधवालों की ढाणी के कूंकणों की ढाणी में पिछले 19 साल से चल रहे रास्ते के विवाद को प्रशासन ने आपसी सहमति से सुलझा दिया। उपखंड अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट के आदेश पर बुधवार को राजस्व टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित किया। इसके बाद करीब 300 फीट लंबा रास्ता खुलवाया गया। इस दौरान आरआई मनमोहन, पटवारी पप्पूराम, बालाराम और सुभाष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। दो दशक पुराने अतिक्रमण विवाद का समाधान नागौर तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि करीब दो दशक से रास्ते पर अतिक्रमण का यह विवाद बना हुआ था। आज दोनों पक्षों की समझाइश और आपसी सहमति से रास्ता खुलवाया गया है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।