उदयपुर से 40 किलोमीटर दूर गोगुंदा इलाके में अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार 25 साल के राहुल पिता थाणा राम जाट निवासी नेतराड, बाड़मेर की मौत हो गई।हादसा इतना जोरदार था कि कार पूरी तरह पिचक गई। घटना के बाद ट्रेलर भी सड़क किनारे उतर गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे के मदारड़ा कट पर मंगलवार शाम 6:30 बजे हुआ। हालांकि, कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक जाम के हालात बन गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ने जाम हटवाया और शव गोगुंदा हॉस्पिटल की मॉच्युरी में शिफ्ट कराया। वहीं, पुलिस ने ट्रेलर को जब्त करते हुए थाने में खड़ा कराया। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे युवक को बाहर निकाला पुलिस के अनुसार, राहुल कार से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कार की स्पीड तेज होने के कारण अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए सामने रॉन्ग साइड रोड पर पहुंच गई। जहां उदयपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की बॉडी बुरी तरह पिचक गई। युवक कार में बुरी तरह फंस गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और गोगुंदा थाने के एएसआई भरत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। वहीं मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा