अलवर के गोविंदगढ़ में जमीन विवाद के चलते जेठ ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी पर फरसी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर फरसे (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। गंभीर हालत में परिजनों ने महिला को पहले गोविंदगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल महिला के सिर में 15 टांके आए हैं और शरीर पर तीन जगह गंभीर चोट के निशान हैं। बंटवारे की बात पर महिला के सिर पर दे मारा फरसा पीड़ित जफरु ने बताया कि वे तीन भाई हैं और लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार शाम को घर पर कुछ लोगों की मौजूदगी में बंटवारे की बातचीत चल रही थी। जफरु का कहना है कि उसने अपने हक की महज एक बिस्वा जमीन का बंटवारा मांगा था। इसी बात को लेकर उसका बड़ा भाई साहबुद्दीन अचानक आपा खो बैठा। आवेश में आकर साहबुद्दीन घर में रखा फरसा उठा लाया और जफरु की पत्नी के सिर पर दे मारा। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी वार करके फरार हो गया। 'आरोपी के बेटे करते हैं साइबर फ्रॉड' जफरु ने बताया कि "मेरे भाई साहबुद्दीन के बेटे अकरम, आसिफ, इरफान, जिनशान और इरशाद साइबर फ्रॉड के धंधे में शामिल हैं। दो दिन पहले ही पुलिस उन्हें उठाकर ले गई है। हम तो सिर्फ अपने हक की एक बिस्वा जमीन मांग रहे थे, लेकिन इन्होंने मेरी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।"