गोहाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित शंखेश्वर स्पिनिंग मिल्स में गुरुवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग बुझाने के लिए श्री सीमेंट फैक्ट्री की दमकल को भी बुलाना पड़ा। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मी दो घंटे से अधिक समय से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के लिए लगभग 25 फेरे लगाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग बुझाने के कार्य में दमकलकर्मी ताराचंद भट्ट, रमेश सोलंकी, विक्की राठौड़, अर्जुन बंशीवाल, रणजीत सिंह, धर्मेंद्र कुमार, कैलाश सिंह और रासु सिंह सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। दमकल विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आग पर जल्द काबू पाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।