कोटा-बारा हाईवे पर अंता थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब गोविंदपुरा गांव निवासी प्रहलाद अपनी बाइक से अंता की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि प्रहलाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में प्रहलाद को तुरंत अंता के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक के बेटे भवानी शंकर के अनुसार, उनके पिता की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अंता थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हैं।