डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं उपखंड इलाके के ग्राम छपारा में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान के तहत यह आयोजन हुआ। इसमें चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सांसद जोशी ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का विशेष उल्लेख किया। सांसद ने ग्रामीणों से ग्राम रथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस चौपाल में किसानों, पशुपालकों और अन्य ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली सहित कई स्थानीय समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा। सांसद जोशी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुनीता रांदड़, करणी सिंह लाडनूं, एडीएम विकास मोहन भाटी, एसडीएम मीनू वर्मा और तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।