कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 'ग्राम रथ अभियान' का शुभारंभ हो गया है। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कलेक्ट्रेट से इन रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान जिले की सभी चार विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में 28 अप्रैल से अगले 15 दिनों तक चलेगा। एक-एक घंटे के वीडियो-ऑडियो संदेश दिखाएंगे-सुनाएंगे इस अभियान का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों को सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राजस्थान सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाना है। ग्राम रथों द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4-5 ग्राम पंचायतों में लगभग एक-एक घंटे के वीडियो और ऑडियो संदेशों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान के दौरान कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन को उपलब्ध करवाई जाएगी। सुझाव पेटिका में दे सकते हैं सुझाव ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है। स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याओं और उत्कृष्ट सुझावों को इस पेटिका के माध्यम से राज्य सरकार तक पहुंचा सकते हैं। प्रतिदिन विश्राम स्थल पर आयोजित होने वाली 'संध्या चौपाल' अभियान का मुख्य आकर्षण रहेगी। रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। इसका उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों और निवेशकों को इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करना है। एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया इस एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता अभियान में जनप्रतिनिधियों सहित आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अभियान के व्यवस्थित संचालन और निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।