जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के जरिए प्रशासन गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देगा और उन्हें इनका लाभ लेने के लिए जागरूक करेगा। खास तौर पर किसानों, पशुपालकों, युवाओं और महिलाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग विभागों की योजनाएं समझाई जाएंगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। प्रशासन का मानना है कि जब लोगों को सही जानकारी मिलेगी और उनकी भागीदारी बढ़ेगी, तभी इस अभियान का पूरा फायदा मिल पाएगा। 15 दिन तक गांव-गांव पहुंचेगा विकास रथ ग्राम रथ अभियान के तहत अगले 15 दिनों तक जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ गांव-गांव जाएंगे। इन रथों के साथ अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और तुरंत समाधान करने का कोशिश करेंगे। इसके साथ ही 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी सीधे लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रामीणों से सीधा संवाद करें, उनकी बात ध्यान से सुनें और बिना देरी के कार्रवाई करें, ताकि लोगों का भरोसा मजबूत हो सके। एलईडी वैन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दी जाएगी जानकारी अभियान को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विकास रथों के साथ एलईडी वैन भी भेजी जा रही हैं, जिनके जरिए योजनाओं की जानकारी दिखाई जाएगी। इसके अलावा कला जत्थों के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को योजनाओं के बारे में समझाएंगे। हर रथ में सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपने सुझाव दे सकेंगे। इससे प्रशासन को योजनाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी और लोगों की जरूरत के हिसाब से काम किया जा सकेगा। हर गतिविधि पर रहेगी नजर अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। सभी रथों की लाइव लोकेशन और कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो ऐप पर अपलोड की जाएगी, जिससे हर दिन की गतिविधि पर नजर रखी जा सके। साथ ही नोडल अधिकारी रोजाना प्रगति रिपोर्ट भेजेंगे। स्थानीय स्तर पर सरपंच या संबंधित अधिकारी कार्यक्रमों का सत्यापन भी करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अभियान सही तरीके से चल रहा है। ग्रामीणों और रथ दल के लिए पूरी व्यवस्था के निर्देश जिला कलेक्टर डॉ मंजू ने यह भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए कि जहां-जहां रथ पहुंचेगा, वहां ग्रामीणों के लिए पेयजल, छाया और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध रहे। जिन जगहों पर रथ दल का रात्रि विश्राम तय है, वहां उनके ठहरने, खाने और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिला मुख्यालय से इन विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस मौके पर कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।