भास्कर न्यूज। भरतपुर ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट और कृषि-पशुपालन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए चल रहे ग्राम रथ अभियान को गांवों में अच्छा समर्थन मिल रहा है। बुधवार को जिले की 17 ग्राम पंचायतों में पहुंचे ग्राम रथों के जरिए किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक खेती और पशुपालन तकनीकों की जानकारी दी गई। जिला परिषद सीईओ एवं अभियान के नोडल अधिकारी मृदुल सिंह ने बताया कि रथों के माध्यम से 13 विभागों की योजनाओं से संबंधित फोल्डर और पुस्तिकाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। ग्रामीणों ने योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी कराया। रथों के साथ पहुंचे कला जत्थों ने लोकगीतों के जरिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। एलईडी स्क्रीन पर बृज भाषा में तैयार ‘वही धरती वही गगन, हर गाम औ घर मुस्कान है’ गीत के माध्यम से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। अभियान के तहत किसानों को आधुनिक खेती, बागवानी, जैविक खेती, उन्नत पशुपालन और कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। ग्राम रथ अभियान में पुष्पेंद्र को मिला मालिकाना हक ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बिलौठी में आयोजित शिविर में लाभार्थी पुष्पेंद्र को स्वामित्व योजना के तहत पट्टा सौंपा गया। पुष्पेंद्र ने बताया कि पट्टा नहीं होने से वे वर्षों से सरकारी योजनाओं और बैंक ऋण के लाभ से वंचित थे। शिविर में उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता के निर्देश पर मौके पर दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पट्टा दिया गया। पट्टा मिलने पर उन्होंने खुशी जताते कहा कि अब बैंक से ऋण लेने और योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। शिविर में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी दी।