बूंदी में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव और पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने 3 ग्राम रथों (एलईडी वैन) को मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सर्किट हाउस परिसर से ये ग्राम रथ रवाना किए गए। 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान के तहत ये रथ गांव-गांव जाकर किसानों, पशुपालकों और आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करेंगे। रोज 4-5 ग्राम पंचायतों में जाएगा ग्राम रथ कलेक्टर यादव ने बताया कि ये ग्राम रथ जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की 4 से 5 ग्राम पंचायतों में रोज यह रथ पहुंचेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि रथों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं से जुड़े वीडियो दिखाए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और फायदों की सरल जानकारी मिल सकेगी। 13 विभागों की योजनाओं की दी जाएगी जानकारी ग्राम रथ के माध्यम से 13 प्रमुख विभागों की प्रचार सामग्री भी वितरित की जाएगी। इसमें कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास, उद्योग, मत्स्य, सहकारिता सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों की योजनाएं शामिल हैं। एक ही स्थान पर सभी जानकारी उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। 'सुझाव पेटिका' के जरिए फीडबैक लिया जाएगा अभियान के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन 'संध्या चौपाल' का आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके अलावा रथों के साथ एक 'सुझाव पेटिका' भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपने लिखित सुझाव दे सकेंगे। लोक कलाकारों द्वारा प्रतिदिन फील्ड में प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। रथों की रवानगी के दौरान एडीएम रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा, संजय लाठी, नुपूर मालव, निर्मल मालव, मोहन कराड सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।