सलूंबर में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को 'ग्राम रथ' अभियान का शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सलूंबर विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने इन रथों को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। यह अभियान आधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करेगा। प्रत्येक रथ में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके जरिए लघु फिल्मों और ऑडियो-विजुअल संदेशों द्वारा किसानों, पशुपालकों और आम ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। 15 दिन चलेगा अभियान यह विशेष अभियान आगामी 15 दिनों तक निरंतर जारी रहेगा। इसका लक्ष्य गांव-गांव जाकर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अभियान की रूपरेखा जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने स्पष्ट की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सलूम्बर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना जाए। सलूंबर विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। यह रथ गांव-गांव जाकर विकास की नई इबारत लिखेगा।" गर्मी को देखते हुए छाया-पानी के इंतजाम भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। अभियान के दौरान जहां भी रथ रुकेगा और चौपाल लगेगी, वहां ग्रामीणों के लिए छाया (शामियाने या ठंडे स्थान) और ठंडे पेयजल (मटके या टैंकर) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान में मुख्य रूप से किसान कल्याण (कृषि सब्सिडी, खाद-बीज), पशुपालन (दुग्ध उत्पादकों के लिए बोनस, बीमा योजना) और सामाजिक सुरक्षा (पेंशन, स्वास्थ्य बीमा, महिला सशक्तिकरण) से संबंधित योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।