खैरथल जिले में राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को इस अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी ली और उनका लाभ उठाया। इन गांवों में पहुंचा रथ 13 मई को किशनगढ़बास विधानसभा क्षेत्र के कादेया, सालखर, कुमपुर, रायपुर और दौलतनगर माजरा गांवों में ग्राम रथ पहुंचे। इसी तरह, मुंडावर विधानसभा के मुंडियाखेड़ा, मऊ, भिवाड़ा, कालुका और कोकावास तथा तिजारा विधानसभा के अकलगांव, भोजावास, बाई, डोटाना और गोल गांवों में भी एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। ग्राम रथों के पहुंचने पर कार्यक्रम स्थलों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। इन कार्यक्रमों में 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का डिजिटल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। गीत और भजन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल ने बताया कि कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कलाकारों ने गीत और भजन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। कलाकारों ने योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका और प्रचार सामग्री वितरित कर जागरूक किया। ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ एक विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए।