ब्यावर में विधायक शंकर सिंह रावत और जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट से ग्राम रथों को रवाना किया। 15 दिवसीय ग्रामरथ अभियान के तहत यह रथ गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारियां देंगे और योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। यह ग्राम रथ इन 15 दिनों में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। इन क्षेत्रों की हर ग्राम पंचायत में यह रथ करीब 1 घंटा रूकेंगे। इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी की जाएगी। यह अभियान राज्य की सरकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। ग्रामीणों को योजनाओं की दी जाएगी जानकारी इस दौरान विधायक रावत ने कहा कि यह अभियान योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर मीना ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रचार करना और लोगों की परेशानियों का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करें और उनकी समस्याओं का निराकरण करें। लोक कलाकार लोगों को करेंगे जागरूक इस अभियान 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी रहेंगे, जो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता फैलाएंगे। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा रथों की लाइव लोकेशन, फोटो व वीडियो विभागीय ऐप पर अपलोड किए जाएंगे। अभियान के दौरान सुझाव पेटियां भी उपलब्ध रहेंगी, जिनमें ग्रामीण अपने सुझाव दे सकेंगे। इस अवसर पर एडीएम ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल मीणा, तहसीलदार हनुत सिंह रावत, जनसंपर्क अधिकारी सतीश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।