भीलवाड़ा के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के ईरांस ग्राम पंचायत में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने दो दिन में दूसरी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए बीती रात गांव में अमित धोबी पुत्र रामनिवास धोबी के मकान से सोने-चांदी के जेवर सहित कैश चुरा ले गए। घटना की सूचना गुलाबपुरा थाना पुलिस को दी गई है। जाली तोड़कर मकान में घुसे चोर जानकारी के अनुसार, अमित धोबी पुत्र रामनिवास धोबी बीती रात परिवार के साथ गांव से बाहर गए थे। उनका बेटा कालू घर में सो रहा था। देर रात चोर खिड़की की जाली तोड़कर कमरे में घुसे और औजार से लोहे की पेटी तोड़ दी। इसके बाद उसमें रखे गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह कालू दरवाजा खोलने के लिए उठा तो खिड़की की जाली और पेटी टूटी मिली। इसके बाद परिवार को चोरी का पता चला। घटना की सूचना गुलाबपुरा थाना पुलिस को दी गई है। सोने-चांदी के जेवर चोरी और कैश पार पीड़ित के अनुसार, चोर मकान से सोने के 12 बड़े मुनिये, एक तोला वजनी लॉकेट, एक तोला वजनी कानों की झुमरिया, आधा तोला सोने की टॉप्स, आधा तोला वजनी मादलिया, एक तोला सोने का मादलिया रामनामी और तोला सोने की हाथ की बीटी, इसके अलावा चोर चांदी की दो जोड़ी पायजेब, 400 ग्राम चांदी, 250 ग्राम वजनी करगती तथा 60 हजार रुपये नकद भी ले गए। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में करीब 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी शामिल है। पहले भी नारायण जाट के मकान में हुई थी चोरी गौरतलब है कि इससे पूर्व भी ईरांस गांव में दो दिन पहले ही नारायण जाट के सूने मकान में चोरी की वारदात हुई थी। उस दौरान चोर करीब 10 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए थे। एक सप्ताह के भीतर लगातार दूसरी बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा दोनों वारदातों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।