जोधपुर डिस्कॉम ने गुंदोज में 132 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण के लिए 76.02 करोड़ रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। इससे पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के गुंदोज और आसपास के ग्रामीण इलाकों को फायदा होगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लगभग 80 हजार लोगों बिजली कटौती की समस्या से राहत मिल सकेगी। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान साबित होगी। नए 132 केवी जीएसएस से गुंदोज, कुरना, सकदड़ा, टेवाली, डेंडा, गुड़ा एंदला और खोड सहित कई 33 केवी सब स्टेशनों को मजबूती मिलेगी। वर्तमान में लंबी विद्युत लाइनों और ओवरलोडिंग के कारण लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है, जिससे किसानों की सिंचाई और ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित होती है। मंत्री कुमावत ने कहा कि ग्रिड सब स्टेशन बनने के बाद बिजली का लोड संतुलित होगा, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त थ्री-फेज बिजली उपलब्ध होगी और स्थानीय छोटे उद्योगों को भी बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। परियोजना की स्वीकृति के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।