खैरथल पुलिस को मातौर बस स्टैंड पर हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश नरेंद्र उर्फ शूटर को गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के नांगल चौधरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर आगजनी, लूट, डकैती, अपहरण, आर्म्स एक्ट और पोक्सो एक्ट सहित करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। टोल प्लाजा में हिस्सेदारी को लेकर फायरिंग की 20 मार्च 2026 को मातौर बस स्टैंड पर टोल प्लाजा में हिस्सेदारी और आपसी रंजिश को लेकर आरोपी प्रमोद उर्फ काला, हितेश और नरेंद्र उर्फ शूटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर वीरेंद्र राजपूत निवासी सुखमनहेड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में खैरथल थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में लगातार दबिश दी। इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। 5 आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस पहले ही प्रमोद उर्फ काला, हितेश, प्रदीप उर्फ कातिया, अनुप सिंह और लखन को गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ शूटर लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। आखिरकार, पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसे गुरुग्राम से दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी हथियारों के बल पर आमजन में भय पैदा कर अवैध वसूली और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करना चाहते थे। अपराध से कमाई गई रकम से आरोपी महंगे शौक पूरे करते थे।