खैरथल-तिजारा में एक कंटेनर चलती कार पर जा गिरा। कार में दबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गुरुग्राम के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा जेरौली के नीमली गांव में गुरुवार शाम को हुआ। मृतक की पहचान फिरोजपुर झिरका निवासी बलराज सेठी (63) के रूप में हुई है, जबकि उनके दोस्त विपिन जैन घायल हो गए। तिजारा के जैन मंदिर जा रहे थे दोनों पुलिस के अनुसार, बलराज सेठी और विपिन जैन फिरोजपुर झिरका से तिजारा स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। नीमली गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रहा एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी कार पर पलट गया। दोनों कार में फंसे, ग्रामीणों ने एक को निकाल लिया टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों व्यक्ति उसमें फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विपिन जैन को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बलराज सेठी को निकालने में काफी समय लगा और तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही जेरौली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव तिजारा के उप जिला अस्पताल में रखवाया गया है, जिसका शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसे के बाद कंटेनर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर की तलाश जारी है।