कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ हाड़ौती इलाके से आगामी पंचायतीराज चुनावों का अभियान शुरू कर दिया है। बारां में हुए एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता जमा हुए। इस सम्मेलन को पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संबोधित किया। डोटासरा ने कहा कि कार्यकर्ता लोकतंत्र की नींव हैं और पंचायतीराज चुनाव संगठन की असली परीक्षा है। उन्होंने सभी से मतभेद भुलाकर बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने को कहा। जूली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुप्रबंधन और जनविरोधी फैसलों से हर वर्ग में गुस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों और कांग्रेस के अच्छे कामों को जनता तक पहुंचाने को कहा। सम्मेलन में भाजपा को झटका लगा। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष निर्मल माथोड़िया सहित आधा दर्जन पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल हो गए। पीसीसी अध्यक्ष ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इससे पहले, भवानीमंडी से सड़क मार्ग से आए दोनों नेताओं का NH-27 बमूलिया पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सम्मेलन की तैयारी पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा और पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने की थी।