हाड़ौती क्षेत्र को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन और इंडिया आउट्टाबॉक्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए एमओयू के बाद अब क्षेत्र में पर्यटन, विशेषकर वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नियमित फेम टूर आयोजित किए जाएंगे। इस पहल के तहत 5 से 7 अगस्त 2026 तक पहला तीन दिवसीय हाड़ौती फेम टूर आयोजित होगा, जिसमें देश के 11 राज्यों से 60 से अधिक ट्रेवल एजेंट हिस्सा लेंगे। ये एजेंट कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और आतिथ्य का अनुभव प्राप्त करेंगे। टाइगर रिजर्व सहित कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया हाल ही में राजस्थान के अलग-अलग संभागों से आए 30 सदस्यीय टूर ऑपरेटर दल ने हाड़ौती का दौरा किया। इस दौरान उन्हें चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, किशोर सागर, चंबल सफारी और मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया। चंबल सफारी के दौरान पर्यटकों ने मगरमच्छ, लेपर्ड और अन्य वन्यजीवों को नजदीक से देखा, जबकि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बाघ की मूवमेंट ने सभी को रोमांचित कर दिया। तीन और पांच दिन का विशेष पर्यटन पैकेज इंडिया आउट्टाबॉक्स प्रा. लि. के सीईओ विनी विलियम्स ने कहा कि हाड़ौती में वाइल्ड लाइफ, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहर का अनूठा संगम है, लेकिन अब तक इसे उसकी वास्तविक पहचान नहीं मिल सकी है। कंपनी द्वारा हाड़ौती के लिए तीन और पांच दिवसीय विशेष पर्यटन पैकेज तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के प्रमुख आकर्षण शामिल होंगे। हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का देश-विदेश में होगा प्रचार होटल फेडरेशन की ओर से बताया कि यह एमओयू हाड़ौती पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उच्च गुणवत्ता की फोटो और वीडियो सामग्री के माध्यम से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का देश-विदेश में प्रचार किया जाएगा। उम्मीद है कि आने वाले सालों में हाड़ौती, राजस्थान के प्रमुख वाइल्डलाइफ और हेरिटेज पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगा।