भास्कर न्यूज|ब्यावर ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान’ के क्रियान्वयन में ब्यावर जिला नवाचार के जरिए प्रदेश में अग्रणी बनकर उभरा है। प्रशासन ने पारंपरिक बैठकों के बजाय मॉडल ग्राम पंचायतों में ‘हैंड्स-ऑन’ यानी व्यावहारिक प्रशिक्षण शुरू कर अभियान को जमीनी स्तर पर गति दी है। जिले की मोठी (बदनोर), खरवा (मसूदा)] नरबदखेड़ा (जवाजा), कुशालपुरा (रायपुर) और गरनिया (जैतारण) पंचायतों में आयोजित सत्रों में अधिकारियों और ग्राम स्तरीय कार्मिकों को योजनाओं के क्रियान्वयन की लाइव ट्रेनिंग दी गई। इसमें डेटा संकलन, डिजिटल मैपिंग, जनभागीदारी सुनिश्चित करने और मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि जिला तय समय-सीमा से पहले ही प्रोएक्टिव मोड में काम करते हुए अभियान को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम पूरे उत्साह के साथ काम कर रही है ताकि गांवों का समग्र और सुनियोजित विकास हो सके। लोगों को जागरूक करते अधिकारी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट और एसीईओ डॉ. गोपाल लाल मीना ने ग्राम पंचायत खरवा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि सभी गतिविधियां समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी हों। अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए शहरी वार्डों में भी तेजी लाई गई है। नगर परिषद ने सभागार, अंबेडकर नगर और फायर स्टेशन परिसर में शिविर आयोजित कर लोगों को अभियान से जोड़ा।