हांसी पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर ₹1.53 लाख की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर साइबर थाना हांसी की टीम ने सहायक उप निरीक्षक प्रेम कुमार के नेतृत्व में यह गिरफ्तारी की। जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को गांव गढ़ी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसे टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का मैसेज मिला, जिसमें होटलों को रेटिंग देने की बात बोलेकर एक ग्रुप में जोड़ा गया। छोटे टास्क देकर जीता भरोसा शुरुआत में छोटे टास्क देकर पीड़ित का भरोसा जीता गया। बाद में आरोपियों ने टास्क को गलत बताकर अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए। इसके बाद ट्रेडिंग के नाम पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया। इस तरह शिकायतकर्ता से कुल ₹1 लाख 53 हजार की ठगी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना हांसी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी सचिन निवासी निमला, जिला अलवर (राजस्थान) को राजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 15 हजार की नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस ने कहा- अनजान लिंक पर भरोसा न करें फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।