हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद अब पंचायती राज चुनावों में भी अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पार्टी का पूरा ध्यान अब पंचायत चुनावों पर है, जहां ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवार उतारकर जीत हासिल करने की रणनीति बनाई जा रही है। आप के राजस्थान प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा ने मंगलवार को हनुमानगढ़ में मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। बग्गा ने बताया कि आप राजस्थान में सक्रिय हो चुकी है। निकाय चुनावों में पार्टी ने बारां नगर परिषद में बहुमत हासिल कर बोर्ड बनाया और पूरे राजस्थान में कुल 42 वार्डों में जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में पहली बार उतरने के बावजूद पार्टी को उम्मीद से ज्यादा सफलता मिली। इसी को देखते हुए अब पंचायती राज चुनावों पर खास ध्यान दिया जा रहा है और ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश की जाएगी। बग्गा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि यह पूरी तरह बिगड़ चुकी है। आगामी चुनावों में यह आप का मुख्य मुद्दा रहेगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव के समय विपक्षी दलों पर दबाव बनाया जाता है, मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं और गिरफ्तारियां की जाती हैं। निर्दलीय या दूसरे दलों के जीतने वाले उम्मीदवारों पर दबाव डालकर उन्हें अपने पाले में लाने की कोशिश की जाती है। हनुमानगढ़ में भी निकाय चुनाव के बाद ऐसे कई मामले सामने आए हैं। पार्टी इन मुद्दों को जनता के सामने रखेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप के प्रदेश सचिव राजवीर माली, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल और सचिन कौशिक भी मौजूद थे।