हनुमानगढ़ के संगरिया थाना क्षेत्र में एक ऑटो ड्राइवर के साथ मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। चार अज्ञात बदमाशों ने ड्राइवर को बंधक बनाकर उससे नकदी, मोबाइल और टेंपो छीन लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हनुमानगढ़ के सुरेशिया निवासी पृथ्वीराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पृथ्वीराम ऑटो चलाता है और बुधवार रात करीब 11 बजे वह जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान, ट्रेन आने के बाद चार युवक उसके पास आए और धौलीपाल जाने के लिए 400 रुपए में ऑटो किराए पर तय किया। पृथ्वीराम उन्हें लेकर धौलीपाल की ओर रवाना हुआ। धौलीपाल पहुंचने पर आरोपियों ने बहाना बनाकर उसे आगे खेतों में स्थित एक ढाणी तक चलने को कहा। जब वह नहर पटरी के पास पहुंचा, तो बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पृथ्वीराम को गाली-गलौज करते हुए नहर किनारे ले जाकर साफों की मदद से एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद, उन्होंने उसकी जेब में रखे करीब 1500 रुपए और एक वीवो कंपनी का मोबाइल छीन लिया। बदमाश पृथ्वीराम का टेंपो (नंबर आरजे-31-पीए-4958) लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त किया और पास के एक होटल तक पहुंचा, जहां उसने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद संगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।