हनुमानगढ़ में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। भादरा थाना पुलिस ने कोर्ट के इस्तगासे पर हरियाणा के 4 निवासियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने स्पेन में होटल में वेटर की नौकरी और आकर्षक वेतन का लालच देकर उससे करीब 5 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन माध्यम से ठग लिए। इसके बाद न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही राशि लौटाई गई। जानकारी के अनुसार, भादरा निवासी सुदाम अली ने अपनी शिकायत में बताया कि मार्च 2026 में उसकी मुलाकात सलीम नामक व्यक्ति के माध्यम से सिरसा (हरियाणा) स्थित एक कार्यालय में अजय, संदीप, विवेक और गुरूलाल से हुई थी। आरोपियों ने दावा किया था कि वे लोगों को स्पेन भेजते हैं और वहां होटल में वेटर की नौकरी दिलवाते हैं। इसके लिए कुल 4.20 लाख रुपए खर्च आने की बात कही गई थी और विदेश में बेहतर वेतन का भरोसा दिलाया गया था। करते रहे टालमटोल, फिर धमकी दी परिवादी का आरोप है कि आरोपियों के झांसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में नकद और फोनपे के माध्यम से करीब 5 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। इसके बावजूद न तो उसका वीजा बनवाया गया और न ही विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनका काम विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे लेना है। शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी इस मामले में भादरा पुलिस ने अजय (निवासी खारिया भट्टू), संदीप व विवेक (निवासी भरोखा) तथा गुरूलाल (निवासी सिरसा) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई दुनीराम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और भुगतान संबंधी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है, और आरोपों की पुष्टि के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।