हनुमानगढ़ की भिरानी थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 18 एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप, सट्टे की नकदी, लाखों रुपए का हिसाब-किताब और दो लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भिरानी निवासी राजवीर (38) के अलावा हरियाणा के हिसार जिले के मोहन (30), देवेंद्र (30), रमेश (45), सोमवीर (28), ऋषिकेश (36) और संदीप (34) शामिल हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिरानी क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। मौके से कुल 11 हजार 440 रुपए की सट्टा राशि, मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टे के जरिए अवैध कमाई कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और आरपीजीओ एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि सट्टा नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अवैध सट्टा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि युवाओं को इन गतिविधियों से दूर रखा जा सके। आईपीएल सीजन के दौरान हुई इस कार्रवाई से क्रिकेट सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।