हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 57 से भाजपा प्रत्याशी वंदना गौतम ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने डाक मतपत्रों और ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती सही तरीके से नहीं होने की बात कही। वंदना मात्र 3 वोट से चुनाव हार गई थी। उन्होंने मंगलवार को पति विकास शर्मा और वार्डवासियों के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे। इसमें मतगणना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए रिकाउंटिंग की। इसके साथ ही अभद्र व्यवहार, धमकी व पथराव के मामले में भी कार्रवाई की मांग की। वंदना गौतम ने आरोप लगाया कि भाग संख्या 1 और 2 में डाक मतपत्रों और ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती ठीक से नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि मतगणना के बाद निर्वाचक अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर नहीं करवाए गए। दोबारा गिनती की अपील करने के बावजूद फिर से मतगणना नहीं हुई। उन्होंने मामले की जांच कर वोटों की पुनर्गणना कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में वंदना गौतम ने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे आईएसडीपी कॉलोनी, पुलिस लाइन के पीछे यह घटना हुई। रोहित कुक्कड़, कन्हैया, अजय कुमार, सलीम मिरासी, किशन और कुछ अन्य लोगों ने उनकी कार रोकी। उन्होंने वंदना और उनके साथ मौजूद महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। कार पर पत्थर और डंडे मारे गए, साथ ही कार के शीशे पर मुक्का भी मारा गया। उन्हें अपहरण और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वंदना गौतम के अनुसार घटना के समय डीएसपी मीनाक्षी की गाड़ी भी मौके पर मौजूद थी। उनके पास घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी है। उन्होंने अपनी, अपने पति और परिवार की जान को खतरा बताया। उन्होंने नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विकास शर्मा ने बताया कि वार्डवासियों की मांग है कि चुनाव से संबंधित शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और मतगणना प्रक्रिया की सच्चाई सामने आए। साथ ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।