हनुमानगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को टाउन में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। पार्टी ने कांग्रेस पर सरकार के कामकाज में रुकावट डालने और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया। यात्रा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पदयात्रा सेंट्रल पार्क से रवाना हुई और शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरी। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, जुगल किशोर गौड़, मुरलीधर सोनी, नितिन बंसल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मजबूत सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने पहले देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र पर हमला किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों और कॉरपोरेट समूहों के सहयोग से मजबूत सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर बोला हमला देवेन्द्र पारीक ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए बूथ कैप्चरिंग की और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिखों के साथ हुए व्यवहार का जिक्र किया। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान, ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है’, का भी उल्लेख किया। पारीक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और 1 नवंबर को प्रस्तावित प्रदर्शनों के विरोध में भी आवाज उठाएगी। लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखने की अपील भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने कहा कि दिल्ली में जेन-जी और विपक्ष के नाम पर अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। ऐरी ने लोगों से लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखने और अराजकता फैलाने की कोशिशों का विरोध करने की अपील की।