हनुमानगढ़ के टाउन इलाके में पूर्वांचलवासी 13 से 16 नवंबर तक कोहला नहर पर छठ महापर्व मनाएंगे। पर्व से पहले नहर में जमा पूजन सामग्री और कचरे से पुल जाम हो गया है। मिथिला सेवा समिति ने सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोहला नहर पहुंचकर सफाई व्यवस्था देखी। उन्हें नहर में बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और कचरा जमा मिला। समिति ने नगर परिषद और नहरी विभाग से नहर की सफाई कराने की मांग की। समिति प्रवक्ता श्याम दास ने बताया कि कोहला के पास नहर का पुल कचरे के कारण जाम हो गया है। इससे पानी का बहाव भी रुक रहा है। उन्होंने कहा कि नहरी विभाग को समय-समय पर नहर की सफाई करानी चाहिए। श्याम दास ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नहर पर पूजा-अर्चना करेंगे। इसलिए पर्व से पहले नहर और आसपास की सफाई जरूरी है। उन्होंने लोगों से पूजन सामग्री नहर में न डालने की अपील की, ताकि जलस्रोत गंदा न हो। उन्होंने नगर परिषद से नहर के पास की तारबंदी हटाने की मांग भी की, ताकि समिति सफाई में मदद कर सके। साथ ही नहर के आसपास रोशनी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा। श्याम दास ने बताया कि इस बारे में नगर परिषद सभापति से बात हुई है। सभापति ने जल्द मौके का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर श्री मिथिला सेवा समिति अध्यक्ष बलदेव दास, उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, सचिव अशोक गौतम, कृष्ण मूर्तिकर, शास्त्री कृष्ण मुरारी, राजा मंडल, रणजीत पासवान, अजय यादव और रोहित ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।