हनुमानगढ़ के संगरिया में खुले छोड़े गए कुत्तों के हमले से एक बुजुर्ग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने कुत्तों के मालिक दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दंपती ने हिंसक प्रवृत्ति के कुत्तों को पालकर खुला छोड़ रखा था। संगरिया थाना पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 23 निवासी देवीलाल (70) ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके मोहल्ले में रहने वाले दिनेश वर्मा और उनकी पत्नी नमिता ने 8-10 कुत्ते पाल रखे हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ये कुत्ते हिंसक प्रवृत्ति के हैं और इन्हें बांधकर नहीं रखा जाता। ये अक्सर घर के बाहर और आसपास की गलियों में घूमते रहते हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों पर हमला करते हैं। देवीलाल ने बताया कि 30 तारीख की रात करीब 8 बजे जब वे दिनेश वर्मा के घर के पास से गुजर रहे थे, तो कुत्तों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उनका पीछा कर काट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह देवीलाल को बचाया। इस घटना में उनके दाएं पैर की पिंडली पर चोट आई, जिसका इलाज कराया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ये कुत्ते पहले भी कई लोगों को काट चुके हैं, लेकिन मालिकों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। जब उन्हें कुत्तों को बांधकर रखने के लिए कहा जाता है, तो मना कर खुले में ही रखने की बात कहते हैं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।