हनुमानगढ़ में बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनाव 2026 के बाद राजनीतिक दबाव में आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने टाउन पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 666/2026 सहित अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच और राजनीतिक वजह से दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की। माकपा ने एफआईआर संख्या 666/2026 में अपने कार्यकर्ता और वरिष्ठ वकील रघुवीर सिंह वर्मा को नामजद किए जाने पर आपत्ति जताई। पार्टी ने कहा कि नागरिकों को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। सभा को माकपा नेता रामेश्वर वर्मा, पूर्व विधायक बलवान पूनिया, रघुवीर वर्मा, शेरसिंह शाक्य और बसंत सिंह ने संबोधित किया।