हनुमानगढ़ में इस दीपावली पर पटाखे खरीदने वालों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। पटाखा कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार इनकी कीमतों में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। कच्चे माल के दाम बढ़ने और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के कारण कंपनियों ने पटाखों की नई रेट लिस्ट जारी की है। पटाखा कारोबारी मनीष सिंगला ने बताया कि आतिशबाजी की सप्लाई मुख्य रूप से तमिलनाडु के शिवाकाशी से होती है। बढ़ी हुई लागत का असर बाजार में दिखेगा निर्माण कंपनियों की लागत बढ़ने के बाद अप्रैल में नई दरों की जानकारी व्यापारियों को दी गई। कालेश्वरी फायर वर्क्स और वनिता फायर वर्क्स जैसी कई कंपनियों के पटाखे करीब 30 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं। सिंगला ने कहा कि व्यापारियों ने जनवरी-फरवरी में ही स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया था, लेकिन बढ़ी हुई लागत का असर अब बाजार में दिखेगा। उन्होंने सलाह दी कि पटाखे खरीदते समय गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। घटिया पटाखों से गंभीर हादसा हो सकता है, इसलिए भरोसेमंद ब्रांड के उत्पाद खरीदें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।