हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने 24 किलो 440 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका व चूरा के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं नोहर थाना पुलिस ने 11 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक नाबालिग को डिटेन किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक मोहर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। लखूवाली से हनुमानगढ़ रोड पर हनुमान मंदिर के पास रोही लखूवाली क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर 2 युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 24 किलो 440 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका व चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरू (21), निवासी पन्नीवाली, टिब्बी, और कुलदीप सिंह (28), निवासी नई खुंजा, हनुमानगढ़ जंक्शन को गिरफ्तार किया। इधर नोहर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक नाबालिग को 11 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ निरुद्ध किया। एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच थानाधिकारी अजय कुमार द्वारा की जा रही है।