हनुमानगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 5 बड़ी कार्रवाइयां करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान हेरोइन, पोस्त और नकदी बरामद की गई। पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने अमन खान (23) और मनीष (19) को 49 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और बाइक के साथ पकड़ा। दोनों आरोपी डबलीवास क्षेत्र के निवासी हैं। दूसरी कार्रवाई पल्लू थाना पुलिस ने की। पुलिस ने सूरेवाला, टिब्बी निवासी परमजीत कौर को 15 किलो 88 ग्राम अवैध पोस्त चूरा के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। टाउन, टिब्बी, रावतसर थाना पुलिस की कार्रवाई तीसरी कार्रवाई टाउन थाना पुलिस ने की। पुलिस ने नौरंगदेसर निवासी गुरबक्श सिंह (65) को 5 किलो 530 ग्राम पोस्त और मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1 लाख 15 हजार 700 रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया। चौथी कार्रवाई टिब्बी थाना पुलिस ने की। इसमें सूरेवाला, टिब्बी निवासी कुलदीप सिंह (24) को 19 किलो 800 ग्राम पोस्त के साथ पकड़ा गया। पांचवीं कार्रवाई रावतसर थाना पुलिस ने अंजाम दी। हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी साजन सोनी (26) को 1 ग्राम 25 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया। इन सभी मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।