हनुमानगढ़ में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को भाषण, पोस्टर, कविता प्रतियोगिता, रैली और वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। टाउन स्थित व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में भाषण प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। अंग्रेजी भाषण में कक्षा 9-सी की रिया ने प्रथम और कक्षा 10-ए की अदिति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी भाषण में अवनीत प्रथम तथा सविता द्वितीय रहीं। कविता प्रतियोगिता में मनन ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। लिटिल हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने "पृथ्वी बचाओ", "हरियाली अपनाओ" और "जल संरक्षण" जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाए। विद्यालय प्रशासन ने छात्रों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया। व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूगोल विभाग और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। छात्राओं ने जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जल संकट जैसी समस्याओं पर रचनात्मक समाधान प्रस्तुत किए। पोस्टर प्रतियोगिता में शाइना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में कृतिका पहले स्थान पर रहीं। गुरुतेग बहादुर पब्लिक स्कूल में एक जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाए और आमजन को जागरूक किया। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और यह विभिन्न मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। इन कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने पृथ्वी को एक अमूल्य धरोहर बताया, जिसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।