हनुमानगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एनर्जी ड्रिंक्स, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों और भ्रामक लेबलिंग के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान नोहर, भादरा, हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों से 8 हजार से अधिक एनर्जी ड्रिंक कैन और बोतलें जब्त की गईं। स्टिंग, हेल एनर्जी और रेड बुल जैसे कैफीनयुक्त पेय पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक इन संबंधित उत्पादों की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गई है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि यह अभियान राज्य सरकार और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के निर्देश पर चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उत्पादों की लेबलिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की गहन जांच की। अभियान के तहत नोहर और भादरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 624 बोतल एक्सपायरी स्टिंग एनर्जी ड्रिंक और 911.25 लीटर एक्सपायरी माउंटेन ड्यू कोल्ड ड्रिंक को नियमानुसार नष्ट किया गया। इसके लिए गड्ढा खोदकर पूरी सामग्री का नष्टीकरण किया गया। इसी दौरान बाबा वैरायटी स्टोर से नमकीन मिक्सचर और जगदम्बा किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। नोहर स्थित स्वामी एजेंसी से स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की 503 बोतलें जब्त कर उनके नमूने भी लैब भेजे गए हैं। हनुमानगढ़ जंक्शन और टाउन क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पंजाब ट्रेडिंग कंपनी से हेल एनर्जी ड्रिंक का नमूना लेकर उसकी 916 कैन जब्त की गईं। सेंट्रल वेयर हाउस परिसर स्थित रिलायंस लिमिटेड से रेड बुल कैफीनयुक्त पेय का नमूना लेने के साथ ही, रिपोर्ट आने तक 6,842 कैन जब्त कर ली गई हैं। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने लोगों से खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदने से पहले निर्माण और समाप्ति तिथि की जांच करने और मिलावट या भ्रामक प्रचार से संबंधित शिकायतें व्हाट्सएप नंबर 01552-261190 पर दर्ज कराने की अपील की।