हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड 51 में सड़क, सीवरेज और अधूरे विकास कार्यों को लेकर पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एचपीसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों के गड्ढे तत्काल भरवाने और अधूरे इंटरलॉकिंग कार्य को पूरा कराने की मांग की। धमीजा ने बताया कि सेक्टर-6 में एचपीसीएल ने गैस पाइपलाइन डालने के लिए कई स्थानों पर सड़कें खोदी थीं। कंपनी ने पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद गड्ढे भरने का आश्वासन दिया था, लेकिन लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद सड़कें अभी तक पूर्व स्थिति में नहीं लाई गई हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। नगर परिषद में कई बार की शिकायत, नहीं हुआ एक्शन उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर परिषद में कई बार शिकायत की गई, लेकिन परिषद यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है कि गड्ढे भरने का कार्य एचपीसीएल के जिम्मे है। पूर्व पार्षद ने प्रशासन से मांग की कि कंपनी को तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पुराने गड्ढों की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक नए स्थानों पर खुदाई की अनुमति न दी जाए। पूर्व पार्षद ने यह भी बताया कि सेक्टर-6 में लगभग 600 मीटर सीसी सड़क और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य शुरू किया गया था। सीसी सड़क का निर्माण तो पूरा हो गया है, लेकिन इंटरलॉकिंग का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। नगर परिषद को कई बार अवगत कराने के बावजूद केवल नए टेंडर जारी करने का आश्वासन मिलता रहा, जबकि धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा बनाई गई सीसी सड़क एक वर्ष के भीतर ही कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि यह अभी भी गारंटी अवधि में है। सड़क पर 2 बार केमिकल डालकर मरम्मत का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। धमीजा ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कर गारंटी अवधि के तहत ठेकेदार से मरम्मत कराने की मांग की।