हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत कुलचन्द्र के किसान सिंचाई पानी की समस्या को लेकर प्रशासन से नाराज हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 6 अप्रैल से धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और हरियाणा संपर्क सड़क को जाम भी किया जा सकता है। किसानों का कहना है कि पिछले करीब 10 साल से उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि चक 602 आरडी (आईजीएनपी) का खाला क्षतिग्रस्त होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। यह खाला वर्ष 2015-16 में मनरेगा के तहत बनाया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही यह टूट-फूट का शिकार हो गया। इसके बाद से अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया है। किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया और खाले को जर्जर घोषित करने की मांग भी उठाई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। किसानों ने मांग की है कि जर्जर खाले को तत्काल घोषित कर उसके मलबे की नीलामी करवाई जाए और नया खाला बनवाया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारू हो सके। उनका कहना है कि सरकार की ओर से आईजीएनपी खालों के निर्माण के लिए बजट भी जारी किया गया है, इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। किसानों ने स्पष्ट किया है कि वे अब और इंतजार करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।