हनुमानगढ़ में बुधवार को किसानों ने जंक्शन धानमंडी स्थित कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में प्रदर्शन किया। वे धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे थे। किसानों ने मंडी समिति अधिकारियों से बात कर धान की सरकारी खरीद तुरंत शुरू करने और उपज का सही दाम दिलाने की मांग की। अखिल भारतीय किसान सभा के ओम स्वामी और निवर्तमान सरपंच बलदेव सिंह ने बताया कि मंडी में पीआर धान 1700 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है। इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपए है। इससे किसानों को हर क्विंटल पर करीब 600 से 700 रुपए का नुकसान हो रहा है। ओम स्वामी ने कहा कि यह समस्या पिछले दस साल से है। पहले भी किसानों ने आंदोलन किया था, जिसमें लाठीचार्ज भी हुआ था। हर बार धान आने पर किसानों को सरकारी खरीद के लिए संघर्ष करना पड़ता है।