हनुमानगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरियाणा के भट्टू से आए संदिग्ध पनीर के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर हुई इस कार्रवाई के दौरान, टीम ने संबंधित फर्म को जांच रिपोर्ट आने तक जिले में पनीर की आपूर्ति नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा एक डेयरी से दूध का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। यह विशेष अभियान CMHO डॉ. नवनीत शर्मा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार गर्ग के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसी अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर संचालित दिल्ली की प्रसिद्ध शिकंजी रेहड़ियों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने शिकंजी बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता, बर्फ, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया।