हनुमानगढ़ में एक प्लॉट को 2 बार बेचने का मामला सामने आया है। एक अधेड़ की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से टाउन पुलिस थाना में 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, टाउन निवासी 60 वर्षीय लोकूराम पुत्र नारायणदास सिंधी ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। नंदलाल पुत्र चौलाराम नायक ने चक 22 एचएमएच क्षेत्र में अपनी जमीन पर छोटे भूखंड काटे थे। इनमें से भूखंड संख्या 56 (24 गुणा 45 वर्गफुट) लोकूराम को 51 हजार रुपए में बेचा गया था। रजिस्ट्री करवाने का भरोसा दिया था 9 जुलाई 2012 को समझौता कर नोटरी से सत्यापित करवाकर भूखंड का कब्जा लोकूराम को सौंप दिया गया। नंदलाल ने जमीन को आवासीय में बदलवाने के बाद लोकूराम के नाम रजिस्ट्री करवाने का भरोसा दिया था। लोकूराम भूखंड खरीदने के बाद से ही उसके कब्जे में था। जमीन का रूपांतरण नहीं होने का कहकर टालता रहा रजिस्ट्री के लिए कहने पर आरोपी जमीन का रूपांतरण नहीं होने की बात कहकर टालता रहा। 4 अप्रैल 2026 को जमीन की जमाबंदी की नकल मिलने पर लोकूराम को पता चला कि नंदलाल ने धर्मवीर सिंह पुत्र करनैल सिंह मेघवाल के साथ मिलकर 0.809 हेक्टेयर भूमि धर्मवीर सिंह के नाम करवा दी। धर्मवीर सिंह ने भी यह जमीन जगदीश प्रसाद पुत्र बनवारी लाल नायक को बेच दी। कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज लोकूराम का आरोप है कि आरोपियों को पता था कि भूखंड उसे बेचा जा चुका है। इसके बावजूद जमीन को आगे बेचकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच सहायक उपनिरीक्षक राजवीर सिंह को सौंपी गई है।