हनुमानगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध और गैंग गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिरानी थाना क्षेत्र के गांव चिड़िया गांधी में शराब ठेके पर हुई फायरिंग के मामले का खुलासा किया है। इस वारदात के संबंध में गिरोह के सरगना सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रानियां, सिरसा (हरियाणा) निवासी धर्मप्रीत उर्फ प्रीत, बालसमंद (हरियाणा) निवासी सज्जन उर्फ काला, सरदारपुराबास, भिरानी निवासी अशोक कुमार व रमेश कुमार और मेलखेड़ा, भिरानी निवासी सोमबीर उर्फ लाला के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि यह घटना 26 मार्च 2026 को हुई थी। गांव चिड़िया गांधी में शराब ठेके पर दो बाइक सवार युवकों ने सेल्समैन पर गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर मुख्य आरोपी धर्मप्रीत उर्फ प्रीत को हिसार से गिरफ्तार किया गया। एसपी मीना ने बताया कि आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह के सरगना सज्जन उर्फ काला पर हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों के लगभग डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अतिरिक्त, अन्य तीन आरोपी अशोक कुमार, रमेश कुमार और सोमबीर उर्फ लाला को भी गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आरोपी भिरानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले 13 फरवरी को इसी गिरोह के एक सदस्य दीपक उर्फ धोलीया को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसपी मीना ने कहा कि जिले में गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।