हनुमानगढ़ जिले के मिर्जावाली मेर गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गोशाला के पास रखे पशुचारे पर गिर गया, जिससे आग लग गई। इस घटना में लगभग 2 से 3 हजार क्विंटल चारा जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार गांव की आबादी के समीप गोशाला के लिए बड़ी मात्रा में पराली और चारा एकत्रित किया गया था। सोमवार अलसुबह अचानक हाई वोल्टेज लाइन का तार टूटकर सीधे इसी चारे पर गिरा। इससे तुरंत आग भड़क उठी और तेजी से फैलते हुए बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। बड़ा हादसा टला गनीमत रही कि जिस स्थान पर चारा रखा गया था, उस समय वहां गोशाला के पशु मौजूद नहीं थे। आमतौर पर पशुओं को खुले स्थान पर रखा जाता है और चारा अलग जगह संग्रहित किया जाता है। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और पशुधन सुरक्षित रहा। जानकारी मिलते ही गोशाला समिति के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने पराली को अलग कर आग पर काबू पाने की कोशिश की और पास के खेतों से पानी लाकर आग बुझाने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग गोशाला अध्यक्ष लुणाराम ने बताया कि गोवंश के लिए बड़ी मात्रा में चारा संग्रहित किया गया था। इसमें से लगभग 3 हजार क्विंटल पराली जलकर नष्ट हो गई, जिससे गोशाला को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही, बिजली विभाग से हाई वोल्टेज लाइनों की नियमित जांच करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।